July 01, 2026

कक्षा 10 - नागरिक शास्त्र (Civics) अध्याय 1: लोकतंत्र में सत्ता की साझेदारी

 क) लोकतंत्र (Democracy) क्या है?

सामान्य शब्दों में, लोकतंत्र एक ऐसी शासन व्यवस्था है जिसमें शासन की शक्ति जनता के हाथों में होती है।

अब्राहम लिंकन के अनुसार: "लोकतंत्र जनता का, जनता के लिए और जनता के द्वारा शासन है।"

ख) सत्ता की साझेदारी (Power Sharing) क्या है?

किसी देश की शासन व्यवस्था और सरकार में देश के अधिक से अधिक लोगों और सामाजिक समूहों को भागीदार बनाना ही सत्ता की साझेदारी कहलाता है।

·         सफलता की कुंजी: जिस देश में सत्ता की साझेदारी को अपनाया जाता है, वहाँ लोकतंत्र सफल और मजबूत रहता है।

·         असफलता का कारण: जहाँ नागरिकों को सत्ता में हिस्सेदारी नहीं दी जाती, वहाँ असंतोष बढ़ता है और लोकतंत्र कमजोर या असफल हो जाता है।

2. बेल्जियम की कहानी (Case Study 1)

क) भौगोलिक एवं जनसांख्यिकीय स्थिति

·         स्थान: यूरोप का एक छोटा सा देश।

·         सीमाएँ: फ्रांस, नीदरलैंड, जर्मनी और लक्समबर्ग से सटी हुई हैं।

·         क्षेत्रफल: भारत के हरियाणा राज्य से भी छोटा।

·         जनसंख्या: लगभग 1 करोड़ (हरियाणा की आबादी से लगभग आधी)।

ख) बेल्जियम की जटिल जातीय बुनावट

देश की कुल आबादी का विभाजन और उनकी भाषाएँ निम्नलिखित तालिका के अनुसार थीं:

क्षेत्र

जनसंख्या प्रतिशत

भाषा

 

फ्लेमिश (Flemish) इलाका (उत्तरी भाग)

59%

डच

वेलोनिया (Wallonia) इलाका (दक्षिणी भाग)

40%

फ्रेंच

अन्य क्षेत्र

1%

जर्मन

 

राजधानी ब्रूसेल्स (Brussels) की विशेष स्थिति:

राजधानी ब्रूसेल्स में समीकरण देश की तुलना में बिल्कुल विपरीत था:

·         फ्रेंच भाषी लोग: 80% (अल्पसंख्यक देश में, लेकिन राजधानी में बहुसंख्यक)

·         डच भाषी लोग: 20% (बहुसंख्यक देश में, लेकिन राजधानी में अल्पसंख्यक)

ग) तनाव और टकराव के कारण (1950 से 1960 का दशक)

1.    आर्थिक असमानता: फ्रेंच भाषी लोग डच भाषियों की तुलना में अधिक समृद्ध (अमीर) और ताकतवर थे।

2.    विकास में देरी: डच भाषी लोगों को शिक्षा और आर्थिक विकास का लाभ बहुत बाद में मिला, जिससे उनमें नाराजगी थी।

3.    राजधानी में असंतुलन: ब्रूसेल्स में दोनों समुदायों के बीच तनाव बहुत ज्यादा गहरा गया था।

घ) बेल्जियम का समझदारी भरा मॉडल (Accommodation in Belgium)

बेल्जियम की सरकार ने युद्ध टालने के लिए समझदारी दिखाई और 1970 से 1993 के बीच अपने संविधान में चार बार संशोधन किए। इसके मुख्य बिंदु निम्नलिखित हैं:

1.    केंद्र में समान प्रतिनिधित्व: केंद्र सरकार में डच और फ्रेंच भाषी मंत्रियों की संख्या समान कर दी गई।

2.    विशेष कानून की व्यवस्था: कोई भी महत्वपूर्ण कानून तब तक पास नहीं हो सकता जब तक दोनों भाषाई समूहों के सांसदों का बहुमत उसके पक्ष में न हो।

3.    राज्य सरकारों को स्वायत्तता: केंद्र सरकार की कई शक्तियाँ देश के दोनों इलाकों की क्षेत्रीय (राज्य) सरकारों को दे दी गईं (राज्य सरकारें केंद्र के अधीन नहीं हैं)।

4.    ब्रूसेल्स में अलग सरकार: राजधानी ब्रूसेल्स के लिए एक अलग सरकार बनाई गई, जिसमें दोनों समुदायों को समान प्रतिनिधित्व दिया गया।

5.    सामुदायिक सरकार (Community Government): डच, फ्रेंच और जर्मन बोलने वाले लोगों ने अपने लिए एक 'सामुदायिक सरकार' चुनी, जो संस्कृति, शिक्षा और भाषा जैसे मसलों पर फैसले लेती है।

ङ) परिणाम:

·         देश में गृहयुद्ध की स्थिति टल गई और सभी शांतिपूर्वक रहने लगे।

·         बेल्जियम की इस सफल व्यवस्था से प्रभावित होकर यूरोपीय संघ (European Union) ने ब्रूसेल्स को अपना मुख्यालय चुना।

3. श्रीलंका की कहानी (Case Study 2)

क) भौगोलिक एवं जनसांख्यिकीय स्थिति

·         स्थान: हिंद महासागर में स्थित भारत के तमिलनाडु के दक्षिणी तट से कुछ किलोमीटर दूर एक द्वीपीय देश।

·         जनसंख्या: लगभग 2 करोड़ (हरियाणा के बराबर)।

·         स्वतंत्रता: 1948 ईस्वी में अंग्रेजों से आजाद हुआ।

·         राजधानी: कोलंबो।

ख) श्रीलंका की जातीय बुनावट (Ethnic Composition)

श्रीलंका में मुख्य रूप से निम्न सामाजिक समूह रहते थे:

·         सिंहली भाषी (74%): ये मुख्य रूप से बौद्ध धर्म को मानने वाले थे।

·         तमिल भाषी (18%): इनमें हिंदू और मुसलमान दोनों शामिल थे।

o    श्रीलंकाई तमिल (13%): जो श्रीलंका के मूल निवासी थे।

o    भारतीय तमिल (5%): औपनिवेशिक काल में बागानों में काम करने के लिए भारत से लाए गए मजदूरों की संतानें।

·         ईसाई (7%): ये सिंहली और तमिल दोनों भाषाएँ बोलते थे।

ग) श्रीलंका में बहुसंख्यकवाद (Majoritarianism)

स्वतंत्रता के बाद सिंहली समुदाय के नेताओं ने अपनी बहुसंख्या के बल पर शासन पर प्रभुत्व जमाना चाहा। उन्होंने बहुसंख्यकवाद के तहत निम्नलिखित कदम उठाए:

1.    राजभाषा कानून (1956): 1956 में एक कानून बनाकर सिंहली को एकमात्र राजभाषा घोषित कर दिया गया और तमिल भाषा की उपेक्षा की गई।

2.    नौकरियों में प्राथमिकता: विश्वविद्यालयी प्रवेश और सरकारी नौकरियों में सिंहली आवेदकों को प्राथमिकता दी जाने लगी।

3.    धार्मिक संरक्षण: नए संविधान में प्रावधान किया गया कि सरकार 'बौद्ध मत' को संरक्षण और बढ़ावा देगी।

घ) तमिलों की प्रतिक्रिया और गृहयुद्ध (Civil War)

इन सरकारी फैसलों से तमिल नागरिकों में नाराजगी और बेगानापन बढ़ गया। उन्होंने अधिकारों के लिए संघर्ष शुरू किया:

·         तमिलों की माँगें:

1. तमिल भाषा को भी राजभाषा का दर्जा दिया जाए।

2. शिक्षा और नौकरियों में समान अवसर मिलें।

3. तमिल बहुल प्रांतों को अधिक स्वायत्तता दी जाए।

·         परिणाम (गृहयुद्ध - Civil War): दोनों समुदायों के बीच अविश्वास ने एक भयानक गृहयुद्ध का रूप ले लिया। हजारों लोग मारे गए। अनेक परिवारों को शरणार्थी के रूप में देश छोड़ना पड़ा। देश के सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक विकास को भारी धक्का लगा।


4. तुलनात्मक विश्लेषण: बेल्जियम बनाम श्रीलंका

मापदंड

बेल्जियम का मॉडल

श्रीलंका का मॉडल

 

समस्या का समाधान

बातचीत, संविधान संशोधन और साझेदारी के द्वारा।

बहुसंख्यकवाद और थोपने की नीति के द्वारा।

अल्पसंख्यकों की स्थिति

सत्ता में बराबर का सम्मान और भागीदारी दी गई।

उपेक्षा की गई और अधिकारों से वंचित रखा गया।

अंतिम परिणाम

शांति, स्थिरता और देश की एकता मजबूत हुई।

गृहयुद्ध, तबाही और देश का विभाजन टला पर भारी नुकसान।

 


 

 

 

 

 

 

6. क्विक रिवीजन कैप्सूल (Key Takeaways)

·         लोकतंत्र का आधार: सत्ता की साझेदारी लोकतंत्र का मूल आधार है।

·         बेल्जियम की सीख: भाषाई और क्षेत्रीय विविधताओं का सम्मान करके ही देश की एकता को बनाए रखा जा सकता है।

·         श्रीलंका की सीख: बहुसंख्यक समुदाय द्वारा अल्पसंख्यकों पर अपनी मर्जी थोपने से देश की अखंडता खतरे में पड़ सकती है।

·         गृहयुद्ध: किसी देश में सरकार विरोधी समूहों की हिंसक लड़ाई जब इस रूप को ले ले कि वह युद्ध जैसी लगे, तो उसे गृहयुद्ध कहते हैं।

अभ्यास कालांश

निर्देश: निम्न प्रश्नों के सही विकल्प का चयन कीजिए:

1.    बेल्जियम यूरोप महाद्वीप के किस भाग में स्थित एक छोटा सा देश है?
(
अ) पूर्वी यूरोप         (ब) पश्चिमी यूरोप
(
स) उत्तरी यूरोप       (द) दक्षिणी यूरोप

2.    बेल्जियम की कुल आबादी का कितने प्रतिशत हिस्सा फ्लेमिश (Flemish) इलाके में रहता है और डच बोलता है?
(
अ) 40 प्रतिशत         (ब) 59 प्रतिशत
(
स) 80 प्रतिशत         (द) 1 प्रतिशत

3.    बेल्जियम की राजधानी ब्रसेल्स में कितने प्रतिशत लोग फ्रेंच भाषा बोलते हैं?
(
अ) 20 प्रतिशत         (ब) 40 प्रतिशत
(
स) 60 प्रतिशत         (द) 80 प्रतिशत

4.    श्रीलंका को स्वतंत्रता किस वर्ष में प्राप्त हुई?
(
अ) 1947 में           (ब) 1948 में
(
स) 1950 में           (द) 1956 में

5.    श्रीलंका में किस सामाजिक समूह की आबादी सबसे अधिक (लगभग 74%) है?
(
अ) तमिल                  (ब) सिंहली
(
स) ईसाई             (द) मुसलमान

6.    श्रीलंका में किस वर्ष एक कानून बनाकर सिंहली को एकमात्र राजभाषा घोषित कर दिया गया?
(
अ) 1948 में           (ब) 1956 में
(
स) 1965 में           (द) 1972 में

7.    बेल्जियम में संविधान में 1970 से 1993 के बीच कितनी बार संशोधन किए गए?
(
अ) दो बार            (ब) तीन बार
(
स) चार बार           (द) पाँच बार

8.    सरकार के अंगों (विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका) के बीच सत्ता के बंटवारे को क्या कहा जाता है?
(
अ) सत्ता का ऊर्ध्वाधर वितरण
(
ब) सत्ता का क्षैतिज वितरण
(
स) सामुदायिक सरकार  (द) गठबंधन सरकार

9.    यूरोपीय संघ (European Union) का मुख्यालय कहाँ स्थित है?
(
अ) पेरिस             (ब) लंदन
(
स) ब्रसेल्स                  (द) बर्लिन

10.  सत्ता की साझेदारी का युक्तिपरक (Prudential) कारण किस पर बल देता है?
(
अ) नैतिक मूल्यों पर
(
ब) लाभप्रद परिणामों या सामाजिक टकराव को कम करने पर
(
स) केवल राजनीतिक अस्थिरता बढ़ाने पर
(
द) इनमें से कोई नहीं

 

निर्देश: उचित शब्दों द्वारा रिक्त स्थानों की पूर्ति कीजिए:

1.    बेल्जियम की सीमाएं फ्रांस, नीदरलैंड, जर्मनी और ___________ से लगती हैं।

2.    श्रीलंका की आबादी में ईसाई लोगों का हिस्सा लगभग ___________ प्रतिशत है, जिसमें सिंहली और तमिल दोनों शामिल हैं।

3.    बेल्जियम में डच भाषी लोग संख्या के हिसाब से अपेक्षाकृत अधिक थे, लेकिन राजधानी ब्रसेल्स में वे ___________ में थे।

4.    श्रीलंका में बहुसंख्यकवाद के कारण वहाँ लंबे समय तक ___________ युद्ध की स्थिति बनी रही।

5.    बेल्जियम में तीसरे स्तर की सरकार को ___________ सरकार कहा जाता है, जिसका चुनाव एक ही भाषा बोलने वाले लोग करते हैं।

6.    सत्ता का ___________ वितरण विभिन्न स्तरों पर सरकारों (जैसे- केंद्र और राज्य) के बीच होता है।

7.    लोकतंत्र की आत्मा ___________ की साझेदारी को माना जाता है।

8.    जब दो या दो से अधिक राजनीतिक दल मिलकर सरकार बनाते हैं, तो उसे ___________ सरकार कहते हैं।

 

निर्देश: निम्न में सत्य /असत्य की पहचान कीजिए:

1.    बेल्जियम में अल्पसंख्यक फ्रेंच भाषी लोग अपेक्षाकृत समृद्ध और ताकतवर रहे हैं।

2.    श्रीलंका के तमिलों में मुख्य रूप से बौद्ध धर्म के अनुयायी शामिल हैं।

3.    सत्ता की साझेदारी से समाज में विभिन्न समूहों के बीच टकराव का अंदेशा बढ़ जाता है।

4.    क्षैतिज वितरण के अंतर्गत सरकार का कोई भी एक अंग सत्ता का असीमित उपयोग नहीं कर सकता।

5.    श्रीलंका में सिंहली सरकार ने तमिल संस्कृति और भाषा को बढ़ावा देने के लिए अनेक नीतियां बनाईं।

6.    नियंत्रण और संतुलन की व्यवस्था (System of Checks and Balances) सत्ता के क्षैतिज वितरण से संबंधित है।

 

निर्देश: निम्न प्रश्नों के उत्तर एक शब्द /वाक्य में दीजिए:

1.    श्रीलंका के मूल तमिल निवासियों को क्या कहा जाता है?

2.    किस व्यवस्था के तहत न्यायपालिका, विधायिका और कार्यपालिका के कामकाज पर अंकुश रखती है?

3.    बेल्जियम के किस क्षेत्र में मुख्य रूप से फ्रेंच भाषी लोग रहते हैं?

4.    उस नीति को क्या कहते हैं जिसमें बहुसंख्यक समुदाय अपने मनमाने ढंग से देश पर शासन करना चाहता है?

5.    सत्ता की साझेदारी का नैतिक कारण किस बात पर जोर देता है?

6.    औपनिवेशिक काल में बागानों में काम करने के लिए भारत से लाए गए तमिलों की संतानों को क्या कहा जाता है?

 

निम्न प्रश्नों के उत्तर संक्षिप्त में (20-30 शब्दों में) दीजिए:

प्रश्न 1: सत्ता की साझेदारी (Power Sharing) से क्या तात्पर्य है?

उत्तर: किसी देश की शासन व्यवस्था में समाज के विभिन्न समूहों, स्तरों और अंगों को शासन में हिस्सेदार बनाना ही सत्ता की साझेदारी कहलाता है। यह लोकतंत्र को मजबूत और स्थिर बनाता है।

प्रश्न 2: बेल्जियम की जातीय (Ethnic) बुनावट कैसी है?

उत्तर: बेल्जियम की बुनावट जटिल है। देश की कुल आबादी का 59% हिस्सा फ्लेमिश क्षेत्र में डच बोलता है, 40% हिस्सा वलोनिया क्षेत्र में फ्रेंच बोलता है और शेष 1% लोग जर्मन बोलते हैं।

प्रश्न 3: श्रीलंका में सिंहली समुदाय ने प्रभुत्व स्थापित करने के लिए क्या कदम उठाए?

उत्तर: श्रीलंका सरकार ने 1956 में सिंहली को एकमात्र राजभाषा बनाया, बौद्ध धर्म को सरकारी संरक्षण दिया और विश्वविद्यालयों तथा सरकारी नौकरियों में सिंहलियों को प्राथमिकता दी।

प्रश्न 4: सत्ता का क्षैतिज वितरण क्या है?

उत्तर: जब शासन के विभिन्न अंग जैसे विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका एक ही स्तर पर रहकर अपनी-अपनी शक्तियों का उपयोग करते हैं, तो उसे सत्ता का क्षैतिज वितरण कहते हैं।

प्रश्न 5: सत्ता का ऊर्ध्वाधर वितरण किसे कहते हैं?

उत्तर: जब सत्ता का बंटवारा उच्चतर और निम्नतर स्तर की सरकारों के बीच होता है (जैसे- केंद्र सरकार, प्रांतीय/राज्य सरकार और स्थानीय सरकार), तो उसे ऊर्ध्वाधर वितरण कहते हैं।

प्रश्न 6: सामुदायिक सरकार से क्या आशय है?

उत्तर: बेल्जियम में एक विशेष प्रकार की सरकार का गठन किया गया है जिसे डच, फ्रेंच और जर्मन बोलने वाले लोग चुनते हैं। यह सरकार संस्कृति, शिक्षा और भाषा जैसे मुद्दों पर फैसले लेती है।

प्रश्न 7: गृहयुद्ध (Civil War) किसे कहते हैं?

उत्तर: किसी देश में सरकार विरोधी समूहों की हिंसक लड़ाई जब ऐसा रूप ले ले कि वह युद्ध जैसी लगे, तो उसे गृहयुद्ध कहते हैं।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

उत्तरमाला

अध्याय 1: लोकतंत्र में सत्ता की साझेदारी

भाग 1: बहुविकल्पीय प्रश्न के उत्तर

प्रश्न संख्या

सही विकल्प

1

(ब) पश्चिमी यूरोप

2

(ब) 59 प्रतिशत

3

(द) 80 प्रतिशत

4

(ब) 1948 में

5

(ब) सिंहली

6

(ब) 1956 में

7

(स) चार बार

8

(ब) सत्ता का क्षैतिज वितरण

9

(स) ब्रसेल्स

10

(ब) लाभप्रद परिणामों या सामाजिक टकराव को कम करने पर

भाग 2: रिक्त स्थानों की पूर्ति के उत्तर

1.    लक्ज़मबर्ग (Luxembourg)

2.    7 (सात)

3.    अल्पमत (अल्पसंख्या)

4.    गृह (Civil War)

5.    सामुदायिक (Community)

6.    ऊर्ध्वाधर (Vertical)

7.    सत्ता

8.    गठबंधन (Coalition)

भाग 3: सत्य / असत्य के उत्तर

1.    सत्य

2.    असत्य (सिंहली समुदाय के लोग मुख्य रूप से बौद्ध हैं, तमिल लोग हिंदू या मुसलमान हैं)

3.    असत्य (सत्ता की साझेदारी टकराव को कम करती है)

4.    सत्य

5.    असत्य (सरकार ने सिंहली हितों को बढ़ावा दिया, जिससे तमिलों में नाराजगी बढ़ी)

6.    सत्य

भाग 4: एक शब्द / वाक्य में उत्तर

1.    श्रीलंकाई तमिल

2.    नियंत्रण और संतुलन की व्यवस्था (System of Checks and Balances)

3.    वलोनिया (Wallonia) क्षेत्र

4.    बहुसंख्यकवाद (Majoritarianism)

5.    सत्ता की साझेदारी के अंतर्निहित महत्व या लोकतंत्र की आत्मा पर

6.    भारतीय तमिल

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

No comments:

Post a Comment